बनारस में दो दिवसीय 'काशी साहित्य कला उत्सव' का आयोजन



वाराणसी : जहां की हर गली, मोहल्ले, गंगा तट, चाय की दुकान, सड़क और बाजार तक साहित्य, कला व संगीत व्याप्त हो, उस पुरातन शहर यानी तीनों लोकों से न्यारी काशी में 'बनारस लिट फेस्ट : काशी साहित्य कला उत्सव' होने जा रहा है। 

संत कबीर, रैदास, तुलसीदास, पण्डितराज जगन्नाथ, भारतेंदु हरिश्चंद्र, प्रेमचंद, आचार्य रामचन्द शुक्ल, जयशंकर प्रसाद जैसे विख्यात शब्दशिल्पियों और शहनाई के शहंशाह बिस्मिल्लाह खान, साज के सरताज पंडित रविशंकर, पंडित किशन महाराज, महान शायर नज़ीर बनारसी के शहर बनारस में विधिवत रूप से पहली बार बनारस लिट फेस्ट : साहित्य कला उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

ग्रामीण विकास, समाज कार्य, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, साहित्य-कला-संस्कृति के सरोकारों को समर्पित स्वयंसेवी संस्था 'नव भारत निर्माण समिति' की ओर से यह आयोजन 11 और 12 फरवरी को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित होगा। 

आयोजन में साहित्य, कला, संगीत, सिनेमा की अनेक दिग्गज हस्तियों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है। इस दौरान कविता, ग़ज़ल, शायरी, कहानी, नाटक, फ़िल्म, संगीत, समाज, संस्कृति अनेक विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी।

नव भारत निर्माण समिति के सचिव बृजेश सिंह ने बताया कि आयोजन में सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पं. साजन मिश्र, कवि अशोक चक्रधर, लेखक-चिंतक डॉ. पुरुषोत्तम अग्रवाल, साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता कवि-लेखक बद्री नारायण, संगीतज्ञ राजेश्वर आचार्य, लोक कलाकार अजीता श्रीवास्तव, लोकप्रिय कवयित्री सपना मूलचंदानी, पार्श्व गायिका पूर्णिमा श्रेष्ठ, केका घोषाल, गायक प्रशांत अनिल शामदार, गायिका मैथिली ठाकुर, मशहूर शायर शारीक़ कैफ़ी, मदन मोहन दानिश, रहमान मुसव्विर, वसीम नादिर, अमीर इमाम, कवि-गीतकार बुद्धिनाथ मिश्र तथा चर्चित नाट्य एवं फ़िल्म समीक्षक अजित राय शामिल होंगे।

बनारस लिट फेस्ट के संयोजक प्रमोद कुमार पांडेय के अनुसार सिनेमा-थिएटर कलाकार रघुवीर यादव, फैसल मलिक, वरिष्ठ लेखिका नीरजा माधव, सुपरिचित कथाकार-उपन्यासकार नीलाक्षी सिंह, अपनी 'स्टोरीबाजी' के लिए प्रसिद्ध युवा लेखक, संवाद एवं पटकथा लेखक दिव्य प्रकाश दुबे, चर्चित कवि-नाट्यनिर्देशक व्योमेश शुक्ल, फिल्मकार राहुल श्रीवास्तव, मीडिया विशेषज्ञ विनीत कुमार, वरिष्ठ लेखक त्रिलोकनाथ पांडेय, भोजपुरी के लोकप्रिय कवि प्रकाश उदय, कवयित्री एवं लेखिका सुमन केसरी, शायरा अंकिता सिंह, डॉ. भावना श्रीवास्तव, विदुषी वर्मा, कथाकार शुभम नेगी, समीक्षक समीर कुमार पाठक सहित साहित्य-कला-संगीत-संस्कृति की दुनिया के कई मूर्द्धन्य साहित्यकार, कलाकार व संस्कृतिकर्मी भी आयोजन का हिस्सा बनेंगे।




Related Items

  1. “काव्य भाषा का संगीत है और संगीत ध्वनि का काव्य”

  1. रघुनाथांजलि संगीत समारोह में गूंजी स्वर लहरियां

  1. आगरा की चार महिलाओं को मिला विश्व साहित्य शिखर सम्मान