एक सराहनीय बचाव अभियान में, आगरा के जलेसर रोड पर स्थित जरीपुरा गांव में रेलवे पटरियों के पास खुले गड्ढे से एक साही को सफलतापूर्वक बचा लिया गया। यह घटना तब हुई जब यह साही एक गहरे गड्ढे में गिर गई जो पटरियों के निकट खंभे लगाने के लिए खोदा गया था।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर, वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गड्ढे के अंदर फंसे साही को निकालने का काम शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे तक चले बचाव अभियान में जानवर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानीपूर्वक प्रयास किए गए। साही को सुरक्षित रूप से निकाले जाने और संपूर्ण स्वास्थ्य जांच के उपरांत, उसे फिर से उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया।
ध्यान रहे, इंडियन क्रेस्टेड पॉरक्यूपाइन यानी भारतीय साही, कृंतक वर्ग की एक बड़ी प्रजाति है और दक्षिणी एशिया और मध्य पूर्व की मूल निवासी है। इसकी पीठ पर लगे नुकीले कांटों का उपयोग वह बचाव के रूप में करते है और अक्सर खतरा होने पर साही चेतावनी संकेत के रूप में अपने कांटों को खड़खड़ाते हैं। साही के मांस के लिए इनका शिकार किया जाता है जबकि यह भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित है।

Related Items
आगरा को ‘विरासत नगर’ घोषित करने की मांग
आगरा को मिले वैश्विक धरोहर शहर का दर्जा
आगरा में पतंगबाजी के जरिये व्यक्त की यमुना व्यथा