धरती से चांद की दूरी से डेढ़ गुना अधिक दौड़ी आगरा मेट्रो

आगरा : आगरा मेट्रो के लिए वर्ष 2024 यात्री सुविधा और संतुष्टि के लिए बेहद सफल और संतुष्टि से भरा रहा। पिछले साल मेट्रो यात्री सेवाओं का शुभारंभ प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 6 मार्च को हुआ था, तब से मेट्रो में 15 लाख लोगों ने सफर किया है।

फिलहाल, ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन के बीच छह किमी लंबे ट्रैक पर मेट्रो यात्री सेवा दे रही है। यात्रियों को हर पांच मिनट में ट्रेन उपलब्ध कराने के लिए इस ट्रैक पर 5-6 ट्रेन दौड़ाई जाती हैं। पूरे साल में आगरा मेट्रो ने करीब 4.8 लाख किलोमीटर का सफर तयकर यात्रियों को सुरक्षित एवं सुकूनभरी यात्राएं उपलब्ध कराईं।

आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 किलोमीटर लंबा दूसरा कॉरिडोर बनना प्रस्तावित है। इस पर कार्य शुरू हो चुका है। इसके साथ, प्रथम कॉरिडोर के बैलेंस सेक्शन, यानी मेडिकल कॉलेज से सिकंदरा, पर भी काम तेज़ी से चल रहा है। इसमें टनल एवं स्टेशन निर्माण का कार्य तेज़ी से पूरा किया जा रहा है। अगले वर्ष आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो संचालन किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है।