आगरा को ‘विरासत नगर’ घोषित करने की मांग



लखनऊ : रिवर कनेक्ट कैंपेन के प्रतिनिधि एवं पर्यावरणविद् डॉ देवाशीष भट्टाचार्य ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर आगरा में यमुना नदी से जुड़ी गंभीर समस्याओं, नदी के पुनर्जीवन तथा आगरा को ‘विरासत नगर’ घोषित कर यूनेस्को विश्व धरोहर शहर का दर्जा दिलाने के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की।

डॉ भट्टाचार्य ने प्रमुख सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आगरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्ता का उल्लेख करते हुए शहर को आधिकारिक रूप से ‘विरासत नगर’ घोषित करने तथा यूनेस्को विश्व धरोहर शहर का दर्जा दिलाने के लिए राज्य सरकार से ठोस पहल करने का आग्रह किया गया।

अभिजात ने तत्काल महानिदेशक पर्यटन वेदपति मिश्र को ज्ञापन सौंपते हुए निर्देश दिए कि आगरा को यूनेस्को विश्व धरोहर शहर का दर्जा दिलाने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी प्रस्ताव भेजा जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाए।

इससे पहले, इस संबंध में आयोजित एक बैठक में रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने कहा कि आगरा केवल ताज महल का शहर नहीं, बल्कि भारत की बहुरंगी सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत केंद्र है। तीन विश्व धरोहर स्मारकों के बावजूद शहर आज अनियोजित शहरीकरण, अतिक्रमण, प्रदूषण और उपेक्षित विरासत क्षेत्रों जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।

ज्ञापन में राज्य सरकार से आगरा को विरासत नगर घोषित करने, यूनेस्को विश्व धरोहर शहर का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार के माध्यम से भेजने, समग्र विरासत संरक्षण नीति लागू करने, यमुना नदी के पुनर्जीवन, विरासत क्षेत्रों के संरक्षण, अतिक्रमण हटाने तथा जनभागीदारी आधारित संरक्षण अभियान चलाने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें की गई हैं।

रिवर कनेक्ट कैंपेन ने आशा व्यक्त की है कि उत्तर प्रदेश सरकार आगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में शीघ्र और प्रभावी कदम उठाएगी, जिससे विश्व स्तर पर आगरा को उसकी वास्तविक पहचान और सम्मान मिल सके।




Related Items

  1. मां यमुना की विशेष पूजा और दुग्धाभिषेक का आयोजन

  1. रिवर कनेक्ट अभियान के स्वयंसेवकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का वचन

  1. यमुना बैराज निर्माण व यमुना तलहटी में सफाई की मांग