आगरा की जमीन से जुड़े हैं द्वापर और त्रेता युग के कई पौराणिक वृतांत

आगरा : पौराणिक आस्था स्थल विचित्र वीर हनुमान सरकार के परिसर स्थित पुस्तकालय एवं मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति के गजल गायक सुधीर नारायण ने अनेक भक्ति रचनाओं की प्रस्तुत दी। वनवास काल के दौरान गंगा पार करने के लिए राम द्वारा केवट से नाव में पार कराने के प्रसंग को भजन के रूप में प्रस्तुत कर उन्होंने सबका मन मोह लिया।

आयोजन के दौरान साहित्य सर्जक लक्ष्मी नारायण गुप्त ने बताया कि मंदिर परिसर में एक पुस्तकालय का संचालन किया जा रहा है, जहां विभिन्न धर्मों एवं धार्मिक आस्थाओं से जुड़ा साहित्य अध्ययन के लिए उपलब्ध है।

आयोजन समन्वयक एवं पुस्तकालय प्रबंधन समिति की ओर से अनिल शर्मा ने कहा कि आगरा को द्वापर युग की घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में ज्यादा जाना जाता है, जबकि त्रेता युग के अनेक वृतांत भी यहां की जमीन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि भगवान राम और उनके भाइयों के जन्म का जो अनुष्ठान दशरथ ने अयोध्या में कराया था, उसे पूर्ण कराने के लिए ऋषि श्रृंगी यहीं के सींगना गांव से ले जाए गए थे।

शर्मा ने बताया कि यमुना तटीय यह रमणीक स्थल सनातन संस्कृति का सबसे महत्वपूर्ण स्थल है। कीठम स्थित सूरदास का साधना स्थल सूर कुटी, महर्षि ऋंग का सींगना गांव और महाभारत में हुई हिंसा के बाद महारानी के रूप में द्रौपदी एवं पांडवों का प्रायश्चित स्थल गांव पश्चिमानी यहीं पर मौजूद है। वेद व्यास का जन्म स्थान नगला मच्छेन्दरी, महाभारत की प्रमुख महिला पात्र सत्यवती यानी मत्स्यगंधा का यमुना नदी से प्रकट्य वृतांत यहीं के यमुना तटीय गांव नगला मच्छेन्दरी से जुड़ा हुआ माना जाता है।

जमदग्नि ऋषि मंदिर के महंत शिवानंद जी महाराज ने मंदिर परिसर से जुड़ी परंपराओं एवं वृतांतों की जानकारी देकर अतिथियों का स्वागत किया। मंदिर के महंत पं. राजेश  शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुशील सरित और भानु सिकरवार ने किया। लक्ष्मी नारायण गुप्ता, राजीव सक्सेना, अनिल शर्मा, नारायण सिंह, असलम सलीमी, केपी सिंह, प्रमोद कुमार, अखय सिंह, एसपी सिंह यादव, विशाल शर्मा, संदीप देवरानी, संजीव जैन, शुभ्र जैन, विनोद यादव, लेखपाल विनोद, अचिंत्य शर्मा व डॉ शिवकुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Related Items

  1. आस्था और विश्वास पर आधारित है फिल्म 'आंगन की लक्ष्मी'

  1. बनारस में दो दिवसीय 'काशी साहित्य कला उत्सव' का आयोजन

  1. पटना में चला रहा है 'आगरा के पेठा' का जादू