बाल दुर्व्यवहार और अधिकारों के प्रति बच्चों को किया जागरूक

आगरा : अखिल भारतीय महिला परिषद की आगरा नगर शाखा द्वारा कर्मयोगी एनक्लेव-कमला नगर स्थित मॉडर्न एसएस पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के माध्यम से स्कूल में पढ़ रहे 10-12 वर्ष की आयु वर्ग के डेढ़ सौ बच्चों को बाल दुर्व्यवहार एवं बाल अधिकारों के साथ पॉस्को एक्ट के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता नम्रता मिश्रा ने बहुत ही सहज रूप में बच्चों को दुर्व्यवहार में शामिल क्रियाओं के साथ दुर्व्यवहार से बचने के तरीके बताए। उन्होंने बच्चों को कम से कम पाँच ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जो उनके निकट संपर्क में हों, मुश्किल समय आने पर जिनकी सहायता ली जा सके और जिनसे शिकायत की जा सके।

पुलिस अधिकारी डॉ. अमित गौड़ ने बच्चों को पुलिस के बाल सहायता केन्द्र और सहायता नम्बर 1098 की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि बच्चे किसी भी परेशानी में 1098  पर फ़ोन कर अपनी शिकायत कर सकते हैं। विभाग उनकी समस्या के समाधान एवं सहायता के लिए तत्काल कार्रवाई करेगा।

इस दौरान बच्चों ने प्रश्नोत्तर में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं को प्रकट किया। प्रधानाचार्य रजत गर्ग ने वक्ताओं एवं आगंतुकों का स्वागत किया। संस्था-सचिव डॉ. पूनम तिवारी, अध्यक्ष उमा सिंह, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सुषमा सिंह एवं रजनी शर्मा ने वक्ताओं का स्वागत शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर किया।




Related Items

  1. आगरा को ‘विरासत नगर’ घोषित करने की मांग

  1. मां यमुना की विशेष आरती में महिला शक्ति को सम्मान

  1. आगरा को मिले वैश्विक धरोहर शहर का दर्जा