जीवन और मृत्यु के बीच ईश्वरप्रदत्त रिश्तों के अलावा जो एक अन्य अनुपम रिश्ता भाग्यशाली लोगों को मिलता है, वह है दोस्ती का रिश्ता। हाल ही में, दोस्ती के एक ऐसे ही रिश्ते की बानगी सूरत में तब दिखी जब एक मित्र ने अपने मित्र की मृत्यु के बाद बिल्कुल अलग तरह से श्रद्धांजलि दी।
मिली जानकारी के अनुसार, 90 वर्षीय देवीदास गोयल ने अपने मित्र प्रदीप भार्गव की मृत्यु के बाद उनकी स्मृति में दो दुकानें सेवा फाउंडेशन को दान में दे दीं। दोनों ही मित्र आगरा के मूल निवासी हैं। दिवंगत भार्गव की स्मृति सभा में गोयल ने सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष राजीव ओमर तथा महामंत्री ललित शर्मा को अन्य ट्रष्टीगणों की उपस्थिति में दुकानों की चाभियां प्रदान कीं। इन दुकानों पर फाउंडेशन द्वारा अंतिम संस्कार के दौरान प्रयोग में लाए जाने वाली सामग्री बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएगी।
सेवा फाउंडेशन के संस्थापक अशोक गोयल ने बताया कि सूरत में प्रवासी समुदाय बहुतायत में निवास करता है। अपनी आजीविका उपार्जन के लिए लोग बिना परिवार के यहां निवास करते हैं। ऐसे में जब किसी परिजन की मृत्यु हो जाती है तब वे खुद को बेहद अकेला महसूस करते हैं। इसी के मद्देनजर फाउंडेशन यह अभियान शुरू कर रहा है। इसमें न केवल अंतिम संस्कार से सम्बंधित सामग्री राहत दर पर मिलेगी बल्कि एक फोन काल से ही पंडित, नाई, ताबूत व शव वाहिनी आदि सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

Related Items
वृंदावन की विधवा माताओं के जीवन में लौटी दीपावली की रोशनी
छह राज्यों के 60 बुजुर्ग ढूंढने आए ‘जीवन का सहारा'