गाजियाबाद और नोएडा से शुरू हुआ वैद्य संपर्क अभियान



निरोगस्ट्रीट द्वारा आयोजित और आयुष मंत्रालय द्वारा समर्थित वैद्य संपर्क अभियान की शुरुआत गाजियाबाद और नोएडा में हुए भव्य कार्यक्रमों से हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आयुर्वेद चिकित्सक सम्मिलित हुए।

वैद्य संपर्क अभियान का पहला कार्यक्रम 18 अप्रैल को गाजियाबाद में हुआ जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में गाजियाबाद के नोडल अधिकारी अजय कुमार सम्मिलित हुए जबकि 20 अप्रैल को नोएडा में हुए कार्यक्रम में गौतम बुद्ध नगर के क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार केम शामिल हुए।

गौतम बुद्ध नगर के क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार केम ने कहा कि वैद्य संपर्क अभियान वैद्यों और समग्र आयुर्वेद की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह अभियान आयुर्वेद के चिकित्सकों को आपसी संवाद करने का अवसर प्रदान कर रहा है जिससे वे अपने ज्ञान का परस्पर आदान-प्रदान कर सकते हैं।

कार्यक्रम में सम्मिलित वैद्य कुलदीप राज ने कहा कि वैद्य संपर्क अभियान अपने आप में एक अनोखा कार्यक्रम है और वैद्यों के लिए यह कार्यक्रम मील का पत्थर साबित होगा।

वैद्य संपर्क अभियान की शुरुआत धन्वंतरि पूजा और वंदना से हुई। उसके बाद वैद्य सम्भाषा के तहत थायरॉयड एवं डायबिटीज पर परिचर्चा हुई, जिसमें वैद्यों ने क्लीनिकल प्रैक्टिस के अपने अनुभवों और प्रश्नों को साझा किया।

वैद्य सम्भाषा में समन्वयक की भूमिका निरोगस्ट्रीट के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने निभाई। इस दौरान उन्होंने वैद्य संपर्क अभियान के साथ-साथ निरोगस्ट्रीट के उद्देश्य और दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला। अंत में प्रशस्ति पत्र देकर सभा में आए वैद्यों का सम्मान किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद पर बना एक लघु वृत्तचित्र को भी दिखाया गया।




Related Items

  1. रिवर कनेक्ट अभियान के स्वयंसेवकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का वचन

  1. वृंदावन को ‘हेरिटेज सिटी’ दर्जा दिलाने के लिए शुरू हुआ अभियान

  1. जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के लिए रामबाण है आयुर्वेद