आगरा : रिवर कनेक्ट अभियान के स्वयंसेवकों ने यमुना आरती स्थल पर एकत्र होकर “एक मुट्ठी मिट्टी, एक वचन” के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
कार्यक्रम की शुरुआत एक मिनट के मौन से हुई, जिसमें यमुना के उन हिस्सों को याद किया गया जो आज प्रदूषण और उपेक्षा की मार झेल रहे हैं। इसके बाद स्वयंसेवकों, स्थानीय नागरिकों और बच्चों ने यमुना तट से एक मुट्ठी मिट्टी उठाकर उसे साक्षी मानते हुए यह वचन लिया कि वे न तो नदी में कचरा डालेंगे, न प्लास्टिक के दुरुपयोग को बढ़ावा देंगे, और न ही ऐसी किसी गतिविधि का हिस्सा बनेंगे जो नदी को नुकसान पहुंचाती हो।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा, “यमुना बचेगी, तो हम बचेंगे।” अभियान के समन्वयक बृज खंडेलवाल ने कहा कि यह पहल केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी की याद दिलाने का प्रयास है। उन्होंने कहा, “कसम जब मिट्टी पर ली जाती है, तो वह सिर्फ शब्द नहीं रहती, वह व्यवहार में उतरती है।” कार्यक्रम में यमुना भक्तों के हाथों में यमुना रज और आंखों में संकल्प ने इस संदेश को और गहरा बना दिया कि आने वाली पीढ़ी अपने पर्यावरण के प्रति अधिक सजग है।
यमुना आरती से पूर्व आयोजित इस संकल्प कार्यक्रम में यह भी अपील की गई कि शहर के नागरिक केवल दर्शक बनकर न रहें, बल्कि सक्रिय रूप से नदी संरक्षण के प्रयासों में जुड़ें। अभियान के तहत लोगों से अपने-अपने स्तर पर छोटे-छोटे बदलाव अपनाने का आग्रह किया गया, जैसे प्लास्टिक का कम उपयोग, कचरे का सही निपटान और यमुना किनारे स्वच्छता बनाए रखना।
यमुना अभियान पिछले कई वर्षों से यमुना के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए लगातार प्रयासरत है। नियमित आरती, सफाई अभियान, जनजागरूकता रैलियां और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से यह पहल शहर में एक मजबूत जन आंदोलन का रूप ले रही है। यह संकल्प उसी दिशा में एक और कदम था; छोटा, लेकिन जरूरी। यमुना सिर्फ एक नदी नहीं, आगरा की जीवनरेखा है। उसे बचाना अब विकल्प नहीं, जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में राजीव गुप्ता, डॉ देवाशीष भट्टाचार्य, चतुर्भुज तिवारी, पद्मिनी अय्यर, रिमझिम वर्मा, डॉ ज्योति खंडेलवाल, विशाल झा, शाहतोश गौतम, राज कुमार गुप्ता, सतीश गुप्ता, मुकेश चौधरी, अभिनव लाला, दीपक राजपूत, जगन प्रसाद तेहरिया व डॉ मुकुल पांड्या आदि उपस्थित रहे।

Related Items
यमुना बैराज निर्माण व यमुना तलहटी में सफाई की मांग
मां यमुना की विशेष आरती में महिला शक्ति को सम्मान
यमुना मैया की दुर्दशा पर जताई गहरी चिंता