पटना : ‘मिथिला मखान’ के लिए नेशनल अवार्ड जीतने वाले लेखक-निर्देशक नितिन नीरा चंद्रा की दूसरी मैथिली फ़िल्म 'जैक्सन हाल्ट' आगामी 5 मई को रिलीज होने वाली है। यह जानकारी देते हुए नितिन नीरा चंद्रा ने बताया कि बिहार के अंदर बिहार की भाषाओं के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही काम मिले। यह हमारी कोशिश है। सिनेमा मनोरंजन तो है ही, साथ ही यह रोजगार का साधन भी है।
चंद्रा ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि बिहार के लोगों को फिल्मों से जुड़े रोजगारों से जोड़ सकें। उनकी नई फिल्म में दरभंगा और मधुबनी के लोगों को व्यापक स्तर पर काम करने का मौका मिला है।
फिल्म की निर्माता नीतू चंद्रा श्रीवास्तव ने कहा कि भारत में कोरियन और दक्षिण भारतीय फिल्में देखी जा रही हैं। यदि कंटेन्ट अच्छा होगा, जमीन से जुड़ा काम होगा तो हमारी फिल्में भी सब-टाइटल्स के साथ सभी जगहों पर देखी जाएंगी। उन्होंने बताया कि वह अभी हॉलिवुड की एक फिल्म में लीड रोल कर रही हैं।
इस अवसर पर नितिन नीरा चंद्रा के साथ निर्माता नीतू चंद्रा श्रीवास्तव, फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आने वाले थिएटर कलाकार निश्चल अभिषेक व राम बहादुर रेणु भी मौजूद थे।
आपको बता दें कि फ़िल्म 'जैक्सन हाल्ट' की शूटिंग मधुबनी में भवानीपुर के खूबसूरत लोकेशन पर हुई है। चंपारण टॉकीज के बैनर तले बनी इस मैथिली फ़िल्म के निर्माता इससे पहले ‘मिथिला मखान’ और ‘देसवा’ जैसी शानदार फिल्में बना चुके हैं। फिल्म ‘जैक्सन हॉल्ट’ में कांति प्रकाश झा, दुर्गेश कुमार, पीयूष कुमार, निभा झा, विजय, हेमेंद्र लाभ, मुन्नी, सूजीत व शिवानी झा की भी अहम भूमिकाएं हैं।

Related Items
“काव्य भाषा का संगीत है और संगीत ध्वनि का काव्य”
अब अक्षरा सिंह आई हैं ‘यूपी बिहार लूटने’…
शिल्पी चुघ को मिला ग्लोबल अचीवर्स अवार्ड