भोजपुरी सिने इंडस्ट्री में सुपरस्टार कलाकारों की जोड़ियां अक्सर चर्चा में रही हैं। इन दिनों भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत की जोड़ी चर्चा में हैं।
भोजपुरी जगत के फिल्म निर्माता और निर्देशकों को इस जोड़ी में अपार संभावनाएं नजर आ रही हैं। यही वजह है कि अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह राजपूत को एक के बाद एक कई फिल्मों में एक साथ कास्ट किया जा रहा है।
इसका ताजा उदाहरण ‘फरिश्ते’ जैसे हिट देने वाले मशहूर फिल्म निर्देशक लालबाबू पंडित की आने वाली फिल्म ‘ज्योति’ है। इसकी शूटिंग उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुरू हो चुकी है।
इससे पहले, अक्षरा और विक्रांत को लेकर दिग्गज फिल्मकार रत्नाकर कुमार ने फिल्म ‘जानू आई लव यू’ बनाई है। हालांकि, इन दोनों की साथ में अभी तक कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई है, लेकिन फिल्म के सेट से वायरल होते तस्वीर और अक्षरा द्वारा इंस्टाग्राम अकाउंट पर बनाए गए रील्स से उभरकर सामने आ रही इनकी केमिस्ट्री को सोशल मीडिया में खूब पसंद किया जा रहा है। यही वजह है कि अक्षरा और विक्रांत को लेकर बड़े-बड़े निर्माता-निर्देशक फिल्मों की योजना बना रहे हैं।
अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह राजपूत के बीच एक बात समान है कि दोनों का रिश्ता कहीं न कहीं टीवी इंडस्ट्री से भी रहा है। जहां अक्षरा सिंह धारावाहिक ‘सर्विस वाली बहू’ व ‘बिग बॉस में नजर आ चुकी हैं, वहीं विक्रांत सिंह राजपूत भी ‘नच बलिए’ के साथ कई हिंदी धारावाहिक में काम कर चुके हैं। इनके बीच स्क्रीन अपीयरेंस भी शानदार रहने की संभावना प्रबल होती हैं, जो एक प्रोफेशनल सिनेमा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि आज इन दोनों कमाल के कलाकारों को लेकर निर्माता-निर्देशक फिल्म बनाने को इच्छुक नजर आ रहे हैं।
बताते चलें कि फिल्म ‘ज्योति’ एक महिला प्रधान फिल्म है, जिसमें अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म दादा-पोती के बीच के रिश्ते पर आधारित एक खूबसूरत कहानी पर बन रही है। इसके निर्माता प्रदीप दारुका हैं।

Related Items
जल्द आ रही है भोजपुरी फिल्म 'भाभी जी घर पे हैं'
भोजपुरी सिने अवार्ड्स में दिखा 'माई प्राइड ऑफ भोजपुरी' का जलवा
भोजपुरी फिल्म अवार्ड्स में अरविंद अकेला व आम्रपाली बने सर्वश्रेष्ठ