अभिजीत सावंत के गीत 'लफ़्ज़ों में...' का नया वर्जन मचा रहा है धूम



टीवी रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के पहले विजेता के रूप में गायक अभिजीत सावंत अब भी लाखों लोगों के दिल में रहते हैं। दिल को छू लेने वाली आवाज़ और जज़्बात से भरी प्रस्तुतियों के लिए मशहूर अभिजीत सावंत संगीत जगत में सबके चहेते कलाकार बने हुए हैं।

अभिजीत ने अपने सुपरहिट गीत 'लफ़्ज़ों में…' के एक मंत्रमुग्ध कर देने वाले रिक्रिएशन के लिए बेहद प्रतिभाशाली यूट्यूबर और म्युज़िक प्रोड्यूसर मयूर जुमानी के साथ सहयोग किया है। मयूर ने गाने के रीक्रिएटेड वर्ज़न में पूरी तरह से अलग बीट रखी है।

बता दें कि 'लफ़्ज़ों में...' अभिजीत के पहले एल्बम 'आपका अभिजीत सावंत' का एक चर्चित गीत है। इस खूबसूरत प्रेम गीत में उनके साथ अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भी दिखी थीं। समीर द्वारा लिखे गए गीत और बिड्डू द्वारा रचित संगीत के साथ यह गीत दिल और रूह को छू गया था और एक सदाबहार मेलोडी बन गया जो लगभग दो दशकों के बाद भी दर्शकों के मन में गूंज रहा है।

'लफ़्ज़ों में...' के नए रूप को सुनने पर यह स्पष्ट होता है कि यह गीत पीढ़ी के अंतर को सहजता से पाट देता है और बुजुर्ग व युवा दोनों उम्र के संगीत प्रेमियों के दिलों को लुभाता है। इस गीत का नया वर्जन न सिर्फ युवा पीढ़ी को प्रभावित करता है, बल्कि संगीत प्रेमियों के लिए पुरानी यादें भी वापस लाता है। इस गाने को आज भी दर्शकों से उतना ही प्यार मिल रहा है जितना साल 2005 में मिला था।




Related Items

  1. “काव्य भाषा का संगीत है और संगीत ध्वनि का काव्य”

  1. रघुनाथांजलि संगीत समारोह में गूंजी स्वर लहरियां

  1. मानसून से पहले यमुना नदी की सफाई की मांग