आगरा : उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा प्रदेश में मेट्रो सेवा के गौरवशाली सात वर्ष पूर्ण होने पर सातवां ‘मेट्रो दिवस’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई करने वाली विश्व की पहली महिला दिव्यांग पद्मश्री डॉ. अरुणिमा सिन्हा मुख्य अतिथि रहीं।
मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरुणिमा सिन्हा ने यूपी मेट्रो द्वारा महिला सुरक्षा एवं दिव्यांगजन की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपी मेट्रो देश की अन्य मेट्रो सेवा की तुलना में अलग है। स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम सराहनीय हैं। डॉ. सिन्हा ने माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने के अपने अनुभव को भी साझा किया।
इसी दौरान, आगरा मेट्रो रेल परियोजना में उत्तम कार्य के लिए सहायक अभियन्ता अपूर्व जैन को स्वर्ण पदक व अवर अभियंता शशिकेश कांत को मिला रजत पदक से सम्मानित किया गया। मेट्रो दिवस के अवसर पर आगरा मेट्रो टीम ने वर्चुअल माध्यम से लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यह वर्ष यूपी मेट्रो के लिए बेहद गौरवशाली रहा है। इस साल यूपी मेट्रो ने आगरा में 11 महीने के रिकॉर्ड टाइम में तीन किमी लंबी ट्विन टनल का निर्माण कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने बताया कि यूपी मेट्रो द्वारा आगरा एवं कानपुर के शेष भाग में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है।
बता दें कि 5 सितंबर, 2017 को तत्कालीन गृहमंत्री राजनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ मेट्रो की यात्री सेवाओं का शुभारंभ किया गया था। इसके बाद से हर वर्ष 5 सितंबर को मेट्रो दिवस के रूप में मनाया जाता है।
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें छह एलीवेटिड जबकि सात भूमिगत स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही, आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 किमी लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे।
Related Items
श्री नाथ जी निःशुल्क जल सेवा और बांके लाल माहेश्वरी की अमर विरासत
धरती से चांद की दूरी से डेढ़ गुना अधिक दौड़ी आगरा मेट्रो
श्री राधारमण मंदिर में जारी है शीतकालीन सेवा महोत्सव