मां यमुना की विशेष पूजा और दुग्धाभिषेक का आयोजन



आगरा : रविवार शाम को यमुना आरती स्थल पर रिवर कनेक्ट कैंपेन द्वारा आयोजित विशेष सेवा, पूजा और आरती कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ। शीतल मंद बयार, यमुना नदी का शांत किनारा और आध्यात्मिक माहौल पूरे आयोजन को अलौकिक आभा दे रहे थे। बड़ी संख्या में जुटे भक्तों ने मां यमुना की आराधना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ यमुना दुग्धाभिषेक, विशेष पूजा और अर्चना से हुआ। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और प्रार्थनाओं के बीच मां यमुना का पूजन किया। इसके बाद दीपों और घंटियों की गूंज के बीच भव्य यमुना आरती आयोजित की गई, जिसमें पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने बताया कि यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा और जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि मां की तरह यमुना सदियों से समाज का पालन पोषण करती आई हैं, लेकिन आज वही जीवन दायिनी नदी प्रदूषण और उपेक्षा का दर्द झेल रही है। उन्होंने नागरिकों से यमुना संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने नदी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। इसके बाद विशाल झा के निर्देशन में भजन, सामूहिक गायन और कराओके प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। पंडित हरि दत्त शर्मा ने मां यमुना के सम्मान में भजन गाकर समां बांध दिया। श्रद्धालुओं ने मां यमुना की महिमा से जुड़े गीत गाकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम समारोह में राज कुमार माहेश्वरी, डॉ मुकुल पांड्या, डॉ देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ हरेंद्र गुप्ता, डॉ मुनीश्वर गुप्ता, डॉ ज्योति खंडेलवाल, चतुर्भुज तिवारी, सतीश गुप्ता, दीपक राजपूत, पद्मिनी अय्यर, मीरा खंडेलवाल,  मुकेश चौधरी, होतेंद्र सिंह व अमित लवानिया आदि उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।




Related Items

  1. रिवर कनेक्ट अभियान के स्वयंसेवकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का वचन

  1. यमुना बैराज निर्माण व यमुना तलहटी में सफाई की मांग

  1. रास, भक्ति और ब्रज संस्कृति पर एक अभिनव शोध...