यह है पटना सिटी का पहला डोम आकार वाला सिनेमाघर...

पटना सिटी : हाल ही में, बिहार में पहली बार डोम आकार का एक अनूठा सिनेमाघर ‘छोटू महाराज सिने कैफे’ का शुभारंभ किया गया है।

इस सिनेमाघर में बॉलीवुड, हॉलीवुड, भोजपुरी व अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में रिलीज की जा रही हैं। छोटू महाराज सिंगल स्क्रीन डोम थियेटर के 40 फीट सिने कैफे में 100 लोग और 50 फीट सिने कैफे में 150 सीटों की क्षमता है।

फिल्म निर्माण कंपनी ‘के सरा सरा’ के मुख्य कार्यकारी वीरेन कंसारा ने बताया कि हमारे देश में सिनेमा को अब भी मनोरंजन का सबसे बड़ा माध्यम माना जाता है। थिएटर के मामले में भी समय के साथ कई बदलाव किए जाते रहे हैं। अब नया प्रयोग करते हुए अपने पहले डोम शेप के सिनेमाघर की बिहार में शुरुआत की गई है।

कंसारा ने कहा कि अपनी विशेषताओं के साथ इग्लू डोम स्ट्रक्चर्ड थियेटर का आकार किसी भी शहर के लिए आकर्षण का केंद्र होता है। विशेष रूप से इसकी दो तरह की स्क्रीन की वजह से यह थिएटर के किसी भी एंगल से देखने का अधिक आरामदायक अनुभव प्रदान करता है। इसकी संरचना मजबूत और ठोस सामग्री से की गई है जो दर्शकों की सुरक्षा के लिए इसे और अधिक विश्वसनीय बनाती है। इस थिएटर का निर्माण सिर्फ 15 दिन में किया गया है। इसे आवश्यकता पड़ने पर आसानी से स्थानांतरित भी किया जा सकता है। इसमें किफायती दाम पर दर्शकों के लिए भोजन भी उपलब्ध किया जाता है।

दूसरी ओर, फ्रेंचाइजी ऑनर अमित ने कहा कि यह थिएटर पटना सिटी में सिनेमाघरों की कमी को पूरा करेगा। इस सिनेमा घर में हिंदी फिल्में तो रिलीज होंगी ही, साथ ही भोजपुरी समेत अन्य क्षेत्रीय फिल्में का भी दर्शक लुत्फ उठा सकेंगे।

आपको बता दें कि ‘के सेरा सेरा’ ने देशभर में 9000 ‘छोटू महाराज’ सिनेमा खोलने की योजना बनाई है, जिसमें से 350 छोटू महाराज सिनेमा सिर्फ बिहार में खोले जाएंगे। कंपनी ने अब तक बिहार में 20 सिनेमाघरों के साथ यह डील साइन की है।

‘छोटू महाराज’ अपने आप में एक अनूठा अवसर है जो सिनेमा थिएटर के नए कारोबारियों के लिए कम से कम 40 से 50 लाख रुपये के निवेश के साथ शुरू किया जा सकता है।

कंपनी ने ‘सरकार’, ‘सरकार राज’, ‘पार्टनर’, ‘गोलमाल’, ‘अब तक छप्पन’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्माण किया है और 100 से अधिक ब्लॉकबस्टर फिल्में वितरित की हैं। ‘के सेरा सेरा’ भारत के सबसे बड़े डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर्स में से एक है। इसकी तकनीक का उपयोग दुनिया में 1800 से अधिक सिनेमा पार्टनर्स और भारत में 800 से अधिक सिनेमा पार्टनर्स द्वारा किया जाता है। ‘के सेरा सेरा’ हर साल लगभग 1000 से अधिक रीजनल और बॉलीवुड कंटेंट की प्रोसेसिंग करता है। साथ ही, ‘के सेरा सेरा’ भारतीय सिनेमा इंडस्ट्री में एचडी तकनीक लाने वाली पहली कंपनी है।