फोटो : रेनू 'अंशुल' के पौराणिक उपन्यास 'उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका' का विमोचन करते हुए अशोक मैत्रेयी, रेनू 'अंशुल', महेश दर्पण, बलराम, शिवनारायण और कमलेश भट्ट 'कमल'।
आगरा में जन्मीं, पली-बढ़ीं और शिक्षित रेनू 'अंशुल' अपनी लेखनी के माध्यम से सामाजिक, मानवीय और राष्ट्रीय सरोकारों पर निरंतर लिख रही हैं। कहानी संग्रह, लघु कथा संग्रह, उपन्यास और कविताओं के माध्यम से उनका साहित्य सृजन जारी है। उनका मूल स्वर नारी सशक्तीकरण है। वह पौराणिक नारी पात्रों के माध्यम से नारी सशक्तीकरण के स्वर को बुलंद कर रही हैं।
इसी दिशा में अहिल्या, द्रौपदी, कुंती, तारा और मंदोदरी पर आधारित उनके पौराणिक उपन्यास ‘गाथा पंचकन्या’ के बाद अब उनका हाल ही में नया पौराणिक उपन्यास ‘उर्मिला - अयोध्या की मौन साधिका’ प्रलेक प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है।
इस उपन्यास का विमोचन गाजियाबाद में ‘कथा रंग’ जैसे प्रबुद्ध मंच से हुआ। विमोचन के दौरान देश के वरिष्ठ साहित्यकार अशोक मैत्रेयी, महेश दर्पण, बलराम, सुभाष चन्द्र, आलोक यात्री, हरियश राय और कमलेश भट्ट 'कमल' जी के अतिरिक्त अंशुल अग्रवाल और भारी संख्या में साहित्य प्रेमी और लेखक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों और समीक्षकों ने उपन्यास की भरपूर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि रेनू 'अंशुल' पौराणिक नारी पात्रों को केवल कथा के रूप में नहीं, बल्कि आज की नारी की शक्ति, धैर्य, त्याग और आत्मसम्मान के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत कर रही हैं। उर्मिला जैसी मौन साधिका के चरित्र को केंद्र में लाकर उन्होंने रामकथा के एक उपेक्षित पक्ष को नई दृष्टि से सामने रखा है।
'अंशुल' ने अपने उपन्यास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 'उर्मिला' की यह कथा स्त्रियों को केवल देवी नहीं अपितु एक निर्णयकर्ता के रूप में देखने, सुनने और महसूस करने का आमंत्रण है। यह अपने पति लक्ष्मण की प्रतीक्षा करती एक स्त्री की ही नहीं अपितु एक जागती हुई ऐसी साधिका की कहानी है जो अपनी योगनिद्रा की चेतना बन अयोध्या का एक नया इतिहास बुनती है।

Related Items
आगरा को ‘विरासत नगर’ घोषित करने की मांग
हिंदी उपन्यास की नई आवाज़, असहमति और सृजन पर हुई चर्चा
रघुनाथांजलि संगीत समारोह में गूंजी स्वर लहरियां