आगरा पहुंचे सिने स्टार शरद मल्होत्रा, खाई मशहूर बेड़ईं और चाट



आगरा : होटल होली-डे-इन में आयोजित डिजायनर मीट गाला में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिने स्टार शरद मल्होत्रा का कहना है कि ताज महल के अलावा आगरा की मशहूर चाट, पेठा और बेड़ईं तो पहले से ही फिल्म कलाकारों को आकर्षित करते रहे हैं, लेकिन अब नोएडा में बनने जा रहे फिल्म सिटी से ताज नगरी में आने के मौके बढ़ा दिए हैं।

शरद मल्होत्रा का मानना है कि धार्मिक और ऐतिहासिक ताज नगरी शूटिंग की साइट के लिहाज से एक बेहतरीन जगह है। कार्यक्रम का उद्घाटन शरद मल्होत्रा, उनकी पत्नी रिप्सी मल्होत्रा व रचना अग्रवाल ने विघ्नविनाशक भगवान गणपति की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया।

अमाया द्वारा आयोजित डिजायनर मीट गाला में उन्होंने फैशन के क्षेत्र में आगरा को आगे बढ़ा रही महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि फैशन के मामले में आगरा काफी आगे है। प्रदर्शनी का अवलोकन कर उन्होंने ताज नगरी की महिलाओं की ऐसे बेहतरीन आयोजन के लिए सराहना की।

प्रदर्शनी में कलकत्ता, दिल्ली, मुम्बई सहित देशभर के बेहतरीन डिजायनरों ने भाग लिया। इनमें ड्रेस मेटीरियल के साथ-साथ जूलरी, व कई अन्य सजावटी वस्तुएं एक छत के नीचे उपलब्ध थीं।

इस अवसर पर मुख्य रूप से रेनू लाम्बा, पूनम सचदेवा, राजश्री, अपर्णा राजावत, नूतन बजाज, रितू बजाज, आलिया, राधिका, मानसी चंद्रा, रितिका कटियार, क्रिस्टी, आनंद, कपिल, शिखा जैन व पावनी सचदेवा आदि उपस्थित थीं। ‘बनूं मैं दुल्हन तेरी’, ‘मुस्कान’, ‘कसम से’ और ‘नागिन-5’ में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुके शरद मल्होत्रा जल्दी ही एक नई फिल्म में भी नजर आएंगे।




Related Items

  1. आगरा को मिले वैश्विक धरोहर शहर का दर्जा

  1. आगरा में पतंगबाजी के जरिये व्यक्त की यमुना व्यथा

  1. धरती से चांद की दूरी से डेढ़ गुना अधिक दौड़ी आगरा मेट्रो