आगरा : यमुना किनारे रविवार की शाम गंभीर रही। हवा में चिंता थी, और स्वर में आग्रह। यमुना आरती स्थल पर रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों की एक आवश्यक सभा आयोजित की गई, जिसमें आगामी ग्रीष्म ऋतु में संभावित जल संकट, नदी की स्थिति और पर्यावरणीय चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
सभा में सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की गई कि आगरा में वर्षों से लंबित यमुना बैराज निर्माण पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। सदस्यों ने कहा कि अनिश्चितता अब सबसे बड़ा संकट बन चुकी है। बैराज न होने से हर गर्मी में यमुना का अस्तित्व सवालों में घिर जाता है।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने गर्मियों के दौरान यमुना की विशेष सफाई अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि यदि समय रहते नदी की तलहटी और प्रवाह क्षेत्र को साफ नहीं किया गया तो हालात और भयावह हो सकते हैं। जिला प्रशासन से आग्रह किया गया कि शहरी क्षेत्र में पोइया घाट से ताज महल तक नदी की तलहटी को खुरचकर साफ कराया जाए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम हिस्सा जमीन में समा सके और भूजल स्तर को पुनर्जीवित कर सके।
इसके साथ ही यह भी सुझाव दिया गया कि नालों के मुहानों को या तो टैप किया जाए या उन्हें डायवर्ट किया जाए, जिससे गंदा पानी सीधे यमुना में न पहुंचे। अनाधिकृत निर्माणों को हटाने या स्थानांतरित करने की भी मांग की गई, ताकि नदी के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा न आए।
सभा में हाल ही में हुई मथुरा नाव त्रासदी पर भी गहरा शोक व्यक्त किया गया। पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सदस्यों ने गोकुल बैराज की समुचित सफाई और तलीझाड़ कार्य की मांग उठाई, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
रिवर कनेक्ट कैंपेन ने एत्मादपुर तहसील में प्रस्तावित 10 नई टाउनशिप को लेकर भी चिंता जताई। सदस्यों ने कहा कि इन परियोजनाओं को यमुना के डूब क्षेत्र से बाहर स्थापित किया जाना चाहिए, अन्यथा यह आने वाले समय में एक बड़े पर्यावरणीय संकट को जन्म दे सकता है।
सभा में डॉ देवाशीष भट्टाचार्य, चतुर्भुज तिवारी, पद्मिनी अय्यर, मुकेश चौधरी, दीपक राजपूत, राहुल, निधि, ज्योति, विशाल, दिनेश, जगन प्रसाद तेहरिया व अभिनव लाला ने प्रस्तावों का समर्थन किया।

Related Items
मां यमुना की विशेष आरती में महिला शक्ति को सम्मान
यमुना मैया की दुर्दशा पर जताई गहरी चिंता
यमुना नदी की तत्काल सफाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन