नई दिल्ली : नारी शक्ति संगम के अंतर्गत ‘महिला कल आज और कल’ कार्यक्रमों की श्रृंखला में यमुना विहार स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में रविवार को वृंदावन के वात्सल्य ग्राम की अधिष्ठात्री मां ऋतंभरा ने कहा कि भारत की नारी प्रत्येक युग में समाज का नेतृत्व करती आई है और समाज व राष्ट्र के उत्थान में अग्रणी पंक्ति में खड़ी रही है।
साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि भारतीय सनातनी व्यवस्था में पली-बढ़ी भारत की बेटियों ने न केवल भारत में अपितु वैश्विक स्तर पर राष्ट्र का मान बढ़ाया है। मध्यकाल की राजनैतिक गुलामी के कारण निश्चित की गई बाल विवाह और पर्दा प्रथा जैसी मर्यादाओं का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि ये मर्यादाएं कुछ समय के लिए जरूर भारतीय महिलाओं पर थोपी गईं लेकिन जब-जब भारत को नेतृत्व की आवश्यकता हुई, तब-तब भारत में महिलाओं ने कुशल नेतृत्व प्रदान किया।
इससे पहले, महिला समन्वय दिल्ली प्रान्त की संयोजिका प्रतिमा लाकड़ा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि नारी शक्ति संगम के माध्यम से सभी बहनों को एक साथ, एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। इससे समाज व राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
तीन सत्रों में आयोजित कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के. टोम्बी ने महिलाओं को निरंतर हिम्मत और लगन से आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी और भारत के विकास में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
एक अन्य वक्ता डॉ. विभूति ने कार्यक्रम में आईं महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रत्येक राष्ट्र का एक आदर्श होता है, जिसे समझना बेहद आवश्यक है। इसी समझ के आधार पर राष्ट्र का उत्थान किया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने वैदिक युग से वर्तमान युग तक अनेक उदाहरणों के माध्यम से राजनीति, संस्कृति, समाज व आर्थिक क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया।
‘वर्तमान में महिला की स्थिति’ विषय पर एक अन्य चर्चा सत्र में प्रो. प्रेरणा मल्होत्रा, प्रतिभा लाकड़ा व चारु कालरा ने पूछे गए प्रश्नों व जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान बताया। अंतिम सत्र में डॉ. अंजू राठी राणा ने बताया कि भारत के विकास में महिलाओं की भूमिका ध्यातव्य है। उन्होंने वर्तमान सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान में लिए गए निर्णयों के बारे मे चर्चा की। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को भारत सरकार द्वारा उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में दिल्ली प्रांत कार्यकारणी सदस्य ओमप्रकाश, सतीश, राजवीर, प्रतिभा भटनागर, यमुना विहार विभाग संघचालक अरुण व विभाग प्रचारक श्रवण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर बीना पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
Related Items
यमुना नदी की तत्काल सफाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
नेता हुए गायब, भक्तों ने संभाली यमुना तलहटी की सफाई
यमुना नदी संरक्षण के लिए तत्काल उपचारात्मक उपायों की मांग