आगरा : रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों ने रविवार शाम को यमुना आरती स्थल पर मां यमुना की विशेष आरती और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर महिला शक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए समाज में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभियान से जुड़ीं डॉ ज्योति खंडेलवाल, पद्मिनी अय्यर, निधि पाठक और रिमझिम वर्मा का सम्मान किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि यमुना संरक्षण के अभियान में महिलाओं की भागीदारी प्रेरणादायक है और समाज में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में दिनेश शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, विशाल झा, अमित लवानिया, दीपक राजपूत, मुकेश चौधरी और राकेश गुप्ता ने मां यमुना का दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा की तथा विश्व शांति, प्रकृति संरक्षण और यमुना के पुनर्जीवन के लिए प्रार्थना की।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने बताया कि वर्ष 2014 से यह अभियान निरंतर यमुना आरती, यमुना सफाई अभियान, पतंग उत्सव, जनजागरण रैली, मेले और सांस्कृतिक उत्सवों के माध्यम से आगरावासियों को शहर की जीवनरेखा यमुना नदी से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रमुख मांगों में यमुना में बैराज निर्माण, नदी की नियमित डिसिल्टिंग, घाटों का जीर्णोद्धार तथा यमुना में अविरल और स्वच्छ जल प्रवाह सुनिश्चित करना शामिल है।
पर्यावरणविद् डॉ देवाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि रिवर कनेक्ट कैंपेन का वार्षिक उत्सव 28 और 29 मार्च को यमुना आरती स्थल पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर नदी संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनजागरण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Related Items
यमुना मैया की दुर्दशा पर जताई गहरी चिंता
उस्ताद अमजद अली खान को मिला ‘सरोद ऋषि’ सम्मान
यमुना नदी की तत्काल सफाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन