निरहुआ के लिए नंबर 17 है बहुत खास, जानिए क्यों...

वर्तमान यानी 17वीं लोकसभा में आजमगढ़ से चुनकर सांसद बनने वाले और लोकप्रिय फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ के लिए 17 नंबर बेहद भाग्यशाली है।

गौर फरमाइए, उन्हें पहले 17वीं लोकसभा में जनता के प्रतिनिधित्व का मौका मिला और अब उन्हें विगत 17 साल से विनोद गुप्ता द्वारा आयोजित हो रहे भोजपुरी सिनेमा जगत के सबसे पुराने, सबसे प्रतिष्ठित एवं सबसे विश्वसनीय जूरी बेस्ट 17वां भोजपुरी फिल्म अवार्ड 2023 में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला है। इसे महज संयोग कहेंगे या कुछ और, लेकिन यह सच है कि 17 नंबर उनके लिए बेहद लकी साबित होता रहा है।

ध्यान रहे, प्रसिद्ध फिल्म ट्रेडिंग और आईटी कंपनी आई ईव एरा व अशोक प्रसाद अभिषेक के द्वारा प्रस्तुत और एबी5 मल्टीमीडिया द्वारा आयोजित 17वां भोजपुरी फिल्म अवार्ड 2023 कार्यक्रम मुंबई के अथरवा कॉलेज में संपन्न हुआ।

समारोह में निरहुआ की मौजूदगी खास तौर पर रही, जहां वह नए व पुराने कलाकारों के साथ रूबरू हुए और उन्होंने अपनी फिल्म ‘शेर ए हिंदुस्तान’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड प्राप्त किया।

इस मौके पर निरहुआ ने कहा कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री एक परिवार है। हम सभी परिवार की तरह काम करते हैं। सबकी मेहनत होती है। सबकी मेहनत सफल हुई इसलिए अवॉर्ड समारोह में आना अच्छा लगता है।