ब्रज सांस्कृतिक उत्सव में आस्था और कला का संगम



आगरा : यमुना किनारा रोड स्थित यमुना आरती स्थल पर सात दिवसीय ब्रज सांस्कृतिक उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में आस्था, संस्कृति और पर्यावरण चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला।

आगरा नगर निगम की मेयर हेमलता माहौर की उपस्थिति में काशी की तर्ज पर वाराणसी से पधारे विद्वान पंडितों ने भव्य यमुना आरती संपन्न कराई। दीपों की पंक्तियों, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने “यमुना मैया की जय” के उद्घोष के साथ आरती में सहभागिता की।

नृत्य ज्योति कथक केंद्र के बाल कलाकारों ने पारंपरिक कथक की मनोहर प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, विशाल झा ने मधुर भजनों और गीतों से समां बांध दिया। समारोह स्थल पर ब्रज संस्कृति की आकर्षक झांकियों के स्टाल लगाए गए, जो आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।

विशेष आकर्षण के रूप में श्री मनकामेश्वर महादेव के महंत हरिहर पुरी अपनी दो छोटी गायों के साथ हवन में सम्मिलित हुए। यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए भावनात्मक और प्रेरणादायी रहा।

कार्यक्रम स्थल पर वृंदावन के निधि वन की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की गई है, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी। नगर निगम द्वारा आरती स्थल से लड्डू गोपाल की प्रतिमा तक एक ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण के संदेश को सुदृढ़ करता है।

यह उत्सव 28 फरवरी तक प्रतिदिन सायंकाल आयोजित होगा। प्रतिदिन भव्य यमुना आरती के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।

रिवर कनेक्ट अभियान से जुड़े डॉ देवाशीष भट्टाचार्य, चतुर्भुज तिवारी, ज्योति खंडेलवाल, पद्मिनी अय्यर एवं मुकेश ने समस्त यमुना भक्तों, प्रकृति प्रेमियों, पर्यावरण संरक्षकों और धरोहर अनुरागियों से अपील की है कि वे 28 फरवरी तक प्रतिदिन सायंकाल इस उत्सव में सहभागिता करें।

उत्सव में मधुर भजन संध्या, दैनिक भव्य यमुना आरती, लोक संगीत एवं पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां, संतों एवं विद्वानों के आध्यात्मिक प्रवचन, विभिन्न कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, ज्ञानवर्धक विचार गोष्ठियां और पारंपरिक मेला एवं हस्तशिल्प बाजार का आयोजन किया जा रहा है।




Related Items

  1. रास, भक्ति और ब्रज संस्कृति पर एक अभिनव शोध...

  1. मां यमुना की विशेष आरती में महिला शक्ति को सम्मान

  1. यमुना मैया की दुर्दशा पर जताई गहरी चिंता