चायनीज मांझे में फंसकर घायल हुई चील को बचाया!

आगरा के छीपीटोला में एक ब्लैक काइट (काले रंग की चील) पतंग के मांझे में अटककर एक पेड़ पर फंस गई। वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट ने पक्षी को सुरक्षित बचाया। वर्तमान में उसे चिकित्सकीय उपचार और देखभाल में रखा जा रहा है।

रिस्पांस यूनिट की दो सदस्यीय टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और महत्वपूर्ण बचाव अभियान को पूरा करने के लिए वन विभाग और नगर निगम के सदस्यों के साथ मिलकर काम किया। पेड़ की ऊपरी शाखाओं में फंसी होने के कारण चील तक पहुंचने के लिए एक स्काई लिफ्ट का उपयोग करना पड़ा। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चील को सफलतापूर्वक बचा लिया गया।

पशु चिकित्सा सेवा के उप-निदेशक डॉ इलियाराजा ने बताया कि चील को पैरों और पंखों में चोट आई है। जब पक्षी नियमित अंतराल पर अपना भोजन और पानी प्राप्त करने लगेगा तो उसे वापस छोड़ दिया जाएगा।

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने बताया कि चाइनीज मांझा एक तेज कांच या धातु लेपित नायलॉन स्ट्रिंग है, जिसका उपयोग पतंग उड़ाने के लिए किया जाता है। यह तार पक्षी के मांस और हड्डी को काट सकते हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि इस तरह के मांझे का उपयोग करने से बचें और शाम या सुबह के समय पतंग न उड़ाएं क्योंकि इस समय पक्षी सबसे अधिक सक्रिय होते हैं।

ध्यावन रहे, ब्लैक काइट एक मध्यम आकार का पक्षी है। इनकी आबादी लगातार घट रही है।